जिले में 2.69 लाख से अधिक उज्ज्वला कनेक्शन, अक्टूबर-दिसंबर और जनवरी-मार्च में मिलेगा एक-एक मुफ्त सिलेंडर
वाराणसी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने के अभियान की शुरुआत मंगलवार को हुई। मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से योजना का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण वाराणसी के सर्किट हाउस स्थित मीटिंग हॉल में किया गया। इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 450 उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, कमजोर वर्गों और महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है। धनतेरस और दीपावली के अवसर पर यह योजना गरीब महिलाओं के लिए उपहार के समान है।
विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों की महिलाओं को भोजन पकाने में काफी सहूलियत मिली है। अब उन्हें रसोई में लकड़ी और अन्य ईंधन के धुएं से होने वाले प्रदूषण का सामना नहीं करना पड़ता। भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल और उज्ज्वला योजना के जिला समन्वयक सतीश कुमार ने भी केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जिले में जारी हैं 2,69,923 उज्ज्वला कनेक्शन
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि वाराणसी में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कुल 2,69,923 गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सभी उज्ज्वला लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले चरण में अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच एक सिलेंडर और दूसरे चरण में जनवरी से मार्च 2027 के बीच एक सिलेंडर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में उन लाभार्थियों को तत्काल योजना का लाभ मिलेगा, जिनके आधार से जुड़े बैंक खाते लिंक और प्रमाणित हैं। जिन लाभार्थियों के खाते अभी लिंक या प्रमाणित नहीं हैं, उन्हें यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना का लाभ दिया जाएगा।
गैस एजेंसी से संपर्क कर करा सकते हैं आधार लिंक
जिला पूर्ति अधिकारी ने उज्ज्वला कनेक्शनधारकों से अपील की कि जिनका आधार बैंक खाते से लिंक और प्रमाणित नहीं है, वे अपनी संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर जरूरी प्रक्रिया पूरी करा लें, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिलने में परेशानी न हो।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु और मंत्री हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा विधायक त्रिभुवन राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, सेवापुरी विधायक नील रत्न पटेल नीलू की प्रतिनिधि अदिति पटेल, मंत्री अनिल राजभर के प्रतिनिधि संजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) अमित कुमार भारतीय, उपायुक्त खाद्य ओम प्रकाश, उज्ज्वला योजना के जिला समन्वयक सतीश कुमार सहित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और लाभार्थी महिलाएं मौजूद रहीं।