वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में धनतेरस, दीपावली एवं अन्नकूट पर्व के मद्देनजर आरती, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक की टिकट बुकिंग को लेकर मंदिर न्यास ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, 09 नवंबर 2026 को मध्याह्न भोग आरती के उपरांत से 10 नवंबर 2026 की सायंकालीन सप्तऋषि आरती तक निर्धारित अवधि में होने वाली सभी आरतियों, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक की टिकट बुकिंग उपलब्ध नहीं रहेगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय मंदिर की पारंपरिक धार्मिक व्यवस्थाओं और पर्व विशेष पर आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस अवधि में मंदिर परिसर में पर्व संबंधी आवश्यक तैयारियां एवं पारंपरिक धार्मिक आयोजन संपन्न कराए जाएंगे।
हालांकि, मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि इस दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन बंद नहीं रहेगा। श्रद्धालु पूर्व निर्धारित दर्शन व्यवस्था के अनुसार बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
अन्नकूट पर्व के आयोजन को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह के पश्चिमी द्वार के समीप पारंपरिक सजावट एवं अन्य आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। इसके चलते पश्चिमी द्वार से आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह के अन्य निर्धारित द्वारों से दर्शन कराया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस वैकल्पिक व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना है।
इसके साथ ही मंदिर न्यास ने देव दीपावली को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। 24 नवंबर 2026 को देव दीपावली के अवसर पर बाबा के दर्शन सुचारु रूप से संचालित रहेंगे।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पर्व के दौरान मंदिर प्रशासन द्वारा निर्धारित दर्शन व्यवस्था का पालन करें। आरती, टिकट बुकिंग एवं दर्शन से संबंधित जानकारी के लिए मंदिर के आधिकारिक सूचना माध्यमों पर ही भरोसा करें।
न्यास ने कहा कि धार्मिक परंपराओं का विधिवत निर्वहन करने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता है।
हर-हर महादेव!