MENU

सैयदराजा में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में चल रहा था पटाखों का गोदाम, 525 किलो अवैध पटाखे बरामद



 03/Nov/26

रामजानकी मंदिर के सामने दुकान और मकान की तीसरी मंजिल पर मिले पटाखे, पुलिस ने मनोज कुमार को किया गिरफ्तार

चंदौली। सैयदराजा कस्बे में लाई-चूड़ा की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर 39 बोरियों में रखे कुल 525 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में दुकान संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, पटाखे घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के रखे गए थे, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा था।

पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर 2026 की रात करीब नौ बजे वार्ड नंबर एक स्थित अंबेडकरनगर में रामजानकी मंदिर के सामने एक दुकान पर छापेमारी की गई। आरक्षी राजू सिंह ने यक्ष ऐप पर बीट सूचना दर्ज कराई थी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर को जानकारी देकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान व मकान की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मकान की तीसरी मंजिल पर बोरियों और गत्तों में भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर 39 बोरियों में कुल 525 किलोग्राम पटाखे पाए गए। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई, जिसका एसआईडी नंबर 2452655464277124 है।

चटाई बम, रॉकेट और चकरी समेत कई तरह के पटाखे बरामद

पुलिस ने मौके से चटाई बम, हवाई बम, माचिस बम, टाइमिंग बम, चुटपुटिया बम, रॉकेट बम, बुलेट बम, डायनामाइट बम, चकरी बम, रंगीन फुलझड़ी, आकाश फुलझड़ी और अन्य प्रकार के पटाखे बरामद किए। इनमें मोरी छाप, महावीर, मीनाक्षी, अशोका और अन्य ब्रांड के पटाखे शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि घनी रिहायशी आबादी के बीच इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। पटाखों को बिना वैध अनुमति और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के रखा गया था।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र मोहन साव निवासी वार्ड नंबर एक, कस्बा एवं थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 322/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, गोपाल जी तिवारी, गंगाधर मौर्य, लालधर यादव और रावेन्द्र सिंह शामिल रहे। इनके अलावा हेड कांस्टेबल संतोष सिंह चंदेल, गया प्रसाद यादव, रंजय कुमार सिंह तथा कांस्टेबल बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद राम, संतोष कुमार यादव, आशुतोष कुमार पटेल, अमित कुमार गुप्ता, ऋषि मिश्रा, राजू सिंह, अंकित कुमार सिंह और महिला आरक्षी कनिष्का सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।

रिपोर्ट : हरिशंकर तिवारी


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9051


सबरंग