वाराणसी। सनबीम सनसिटी में 31 अक्टूबर और एक नवंबर को दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय तकनीकी सम्मेलन 'अल्फा समिट 2026' का आयोजन किया गया। इसमें 18 विद्यालयों के 165 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सम्मेलन में विद्यार्थियों ने तकनीकी दक्षता, रचनात्मकता, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक निदेशक प्रतिमा गुप्ता ने किया। उन्होंने तकनीकी विकास के साथ व्यावहारिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर एमआईटी में प्रवेश पाने वाले प्रथम अंतरराष्ट्रीय दृष्टिबाधित विद्यार्थी उद्यमी श्रीकांत भोला भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। सनबीम समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने भी विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
समिट के पहले दिन कोडस्टॉर्म्स, हैकाथॉन, बग हंटर्स, कोड कैनवास, साइबर शील्ड्स, पिक्सल परफेक्ट, एआई फोर्ज और लेस क्रॉनिकल्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों ने वेबसाइट निर्माण, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल डिजाइनिंग, फोटोग्राफी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाई।
दूसरे दिन रोबो लीग और लेवल अप 2.0 प्रमुख आकर्षण रहे। लेवल अप 2.0 के तहत ई-स्पोर्ट्स फीफा, सिम रेसिंग, बीजीएमआई और वैलोरेंट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त रोबोट फुटबॉल मुकाबले ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
दो दिवसीय समिट का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर सनबीम समूह के कार्यकारी निदेशक हर्ष मधोक, मुख्य परिचालन अधिकारी संदीप मुखर्जी, मुख्य परिचालन अधिकारी आशीष राय, सनबीम सनसिटी की प्रधानाचार्या अर्चना सिंह और उप-प्रधानाचार्य गिरिजेश त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह में विद्यार्थियों ने 'टेक्नो टाइटन्स' नामक विशेष नृत्य प्रस्तुति भी दी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विजेता घोषित कर पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्या अर्चना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अल्फा समिट 2026 के माध्यम से सनबीम सनसिटी ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान किया। आयोजन ने युवाओं को आपसी सहयोग, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर दिया।