वाराणसी। पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल के गंगातट परिसर में संचालित अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय आरकेएम काइरोप्रैक्टिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। श्री सर्वेश्वरी समूह, पड़ाव के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में वाराणसी, पड़ाव, चंदौली, मुगलसराय, जौनपुर और आजमगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 124 मरीजों को चिकित्सा सुविधा एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर का आयोजन श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव राम के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसमें घुटनों, कंधों, हाथ-पैर, गर्दन और कमर के दर्द के साथ ही नाभि खिसकने, जबड़ा जाम होने, रीढ़ की हड्डी और जोड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों को आरकेएम काइरोप्रैक्टिक पद्धति से उपचार एवं परामर्श दिया गया।
इस दौरान अनुसंधान केंद्र में सेवारत काइरोप्रैक्टर एवं एक्यूपंचरिस्ट डॉ. नितिन के. अग्रवाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल आयोजन में श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य सौरभ सिंह, शुभम मौर्या, राहुल सिंह और अविनाश सिंह का विशेष सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि अघोरेश्वर भगवान राम योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन 12 जनवरी 2023 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संस्था के अध्यक्ष औघड़ गुरुपद संभव राम की गरिमामयी उपस्थिति में किया था। केंद्र की स्थापना के बाद से अब तक हजारों लोग यहां से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके हैं।