MENU

मुख्यमंत्री और रेल मंत्री के वाराणसी दौरे पर 31 अक्टूबर को ट्रैफिक डायवर्जन, शहर के कई प्रमुख रास्तों पर प्रतिबंध



 30/Oct/26

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं रेल मंत्री भारत सरकार के 31 अक्टूबर 2026 को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुविधा के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कुछ मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट संख्या 40/2026 के अनुसार, अधिकांश प्रतिबंध वीवीआईपी के आगमन से तीन घंटे पहले लागू होंगे और कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे। वहीं कुछ चौराहों पर वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के समय विशेष यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।

कचहरी से चौकाघाट और मैदागिन तक ऑटो-ई-रिक्शा प्रतिबंधित

कचहरी, पुलिस लाइन से चौकाघाट चौराहे तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन और विश्वेश्वरगंज मार्ग पर भी ऑटो एवं ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे। अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहे तक भी इन वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच लहरतारा और भिखारीपुर होकर जाने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग के यात्रियों को सिगरा और रथयात्रा मार्ग का प्रयोग करना होगा। राजघाट पुल और सूजाबाद की तरफ से आने वाले मालवाहक वाहनों का संचालन भी निर्धारित अवधि में बंद रहेगा।

बाबतपुर और हरहुआ मार्ग पर भारी वाहनों और बसों का डायवर्जन

बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से भारी वाहनों को बाबतपुर एयरपोर्ट और हरहुआ की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को थाना बड़ागांव की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

बाबतपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को हरहुआ ओवरब्रिज के ऊपर से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की तरफ से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक आने दिया जाएगा। इसके बाद इन्हें परमपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। ये बसें थाना लोहता होते हुए चांदपुर चौराहे तक आएंगी, जहां से वापस कर दी जाएंगी।

प्रयागराज और मिर्जापुर की तरफ से आने वाली बसों को मुढ़ैला तिराहे से वापस कर दिया जाएगा। अखरी अंडरपास की तरफ से आने वाली बसों को भिखारीपुर तिराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें मोहनसराय और डाफी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

नरिया, भिखारीपुर और लहरतारा में भी रहेगा प्रतिबंध

वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान नरिया तिराहे से भिखारीपुर तिराहे की तरफ वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें करौंदी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वाहन चितईपुर चौराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

भिखारीपुर तिराहे से मंडुवाडीह चौराहे की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें सुंदरपुर और चितईपुर की तरफ भेजा जाएगा। लहरतारा चौराहे से मंडुवाडीह चौराहे और कैंट स्टेशन की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें बौलिया और चांदपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

रथयात्रा चौराहे और आकाशवाणी तिराहे से महमूरगंज की तरफ जाने वाले वाहनों को सिगरा की तरफ भेजा जाएगा। महमूरगंज ओवरब्रिज से मंडुवाडीह चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों को महमूरगंज तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

महमूरगंज तिराहे से सनबीम स्कूल, लहरतारा की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें आकाशवाणी और ककरमत्ता ओवरब्रिज की तरफ भेजा जाएगा।

मैदागिन से गोदौलिया तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद

अमर उजाला तिराहे से लहुराबीर और मैदागिन चौराहे की तरफ जाने वाले चार पहिया वाहनों, टेम्पो ट्रैवलर और आर्मेनिया आदि बसों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हें लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वाहन गोलगड्डा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

इसके अलावा मैदागिन चौराहे से गोदौलिया चौराहे के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। विश्वेश्वरगंज तिराहे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि 31 अक्टूबर को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही वीवीआईपी मार्गों से निकलें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994

ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020

यातायात पुलिस ने आम जनमानस से कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।

स्रोत: यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9015


सबरंग