MENU

मणिकर्णिका घाट मारपीट मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक नौ गिरफ्तार



 29/Oct/26

दाह संस्कार में आए लोगों के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप, गंगा महल घाट के पास से पकड़ा गया 19 वर्षीय शनि चौधरी

 मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने आए लोगों के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में चौक पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मीरघाट, दशाश्वमेध निवासी 19 वर्षीय शनि चौधरी उर्फ मोदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 27 अक्टूबर को गंगा महल घाट के पास मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। मामले में आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

भांजे को लाठी-डंडों से पीटने का आरोप

पुलिस के अनुसार, घटना नौ अक्टूबर 2026 की है। पीड़ित पक्ष की ओर से 10 अक्टूबर को थाना चौक में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि वे अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में शामिल होने मणिकर्णिका घाट आए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने एकराय होकर उनके भांजे को जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से पीट दिया। मारपीट में भांजा बेहोश हो गया।

परिजन उसे उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित जिला अस्पताल ले गए, जहां गंभीर चोटों के कारण उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शिकायत के आधार पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) में मुकदमा दर्ज किया गया।

आठ आरोपियों को पहले भेजा जा चुका है जेल

पुलिस ने बताया कि मामले में आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष वांछित आरोपी शनि चौधरी उर्फ मोदी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी चौक विजय कुमार शुक्ला, ब्रह्मनाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा, आरक्षी सत्यम मिश्रा, पारुल कुमार और आरक्षी किशन शर्मा शामिल रहे। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में की गई।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9937


सबरंग