MENU

टीसीएस ग्रामीण आईटी क्विज में सक्षम सिंह प्रदेश में प्रथम, कृषेश पांडेय दूसरे स्थान पर



 29/Oct/26

बीएचयू में आयोजित प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, राष्ट्रीय फाइनल में मिलेगा प्रतिभाग का अवसर

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने तकनीकी ज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित टीसीएस ग्रामीण आईटी क्विज प्रतियोगिता में सर्वोदय विद्यालय नारायणपुर, प्रतापगढ़ के कक्षा नौ के छात्र सक्षम सिंह ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, सर्वोदय विद्यालय सोनभद्र के छात्र कृषेश पांडेय दूसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सक्षम सिंह और कृषेश पांडेय ने सूचना प्रौद्योगिकी एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के सटीक जवाब देकर अपनी प्रतिभा साबित की।

ग्रामीण विद्यार्थियों में तकनीकी समझ विकसित करना उद्देश्य

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी प्रतिभा और तकनीकी समझ का प्रमाण है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

टीसीएस ग्रामीण आईटी क्विज का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में तकनीकी समझ विकसित करना और सूचना प्रौद्योगिकी के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता में इंटरनेट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल तकनीक और कंप्यूटर समेत विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं।

राष्ट्रीय फाइनल में विजेता को एक लाख रुपये का पुरस्कार

प्रतियोगिता के क्षेत्रीय विजेता को नवंबर में बेंगलुरु में प्रस्तावित राष्ट्रीय फाइनल में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता को एक लाख रुपये और उपविजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

प्रदेश स्तर पर दोनों विद्यार्थियों की सफलता से सर्वोदय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की तकनीकी प्रतिभा को पहचान मिली है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में अपनी क्षमता विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4432


सबरंग