MENU

हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी प्रदेश में प्रथम, 74 प्रतिशत रहा समग्र स्कोर



 29/Oct/26

अराजीलाइन, पिंडरा और सेवापुरी विकासखंड ने भी हासिल किए शीर्ष तीन स्थान, सिजेरियन प्रसव के दोनों प्रमुख संकेतकों में भी अव्वल

जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सितंबर 2026 की हेल्थ रैंकिंग में वाराणसी ने उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड के अनुसार, जनपद का समग्र स्कोर 74 प्रतिशत रहा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने बताया कि विकासखंड स्तर पर भी वाराणसी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अराजीलाइन विकासखंड 78 प्रतिशत समग्र स्कोर के साथ प्रथम स्थान पर रहा, जबकि पिंडरा ने 76 प्रतिशत के साथ दूसरा और सेवापुरी ने 75 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।

सिजेरियन प्रसव के दोनों प्रमुख संकेतकों में प्रथम स्थान

सीएमओ ने बताया कि सिजेरियन प्रसव से संबंधित निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों पर भी जनपद का प्रदर्शन बेहतर रहा है। जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित सिजेरियन प्रसव के दोनों प्रमुख संकेतकों में वाराणसी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इसके अलावा गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच, पूर्ण टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रसवपूर्व जांच तथा नवजात शिशुओं को गृह आधारित नवजात देखभाल सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेतकों पर भी विभिन्न विकासखंडों में सराहनीय प्रदर्शन दर्ज किया गया है।

बेहतर निगरानी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सालयों और स्वास्थ्य इकाइयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों, बेहतर कार्ययोजना और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी का परिणाम है।

उन्होंने अन्य चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य इकाइयों को भी अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार लाने, निर्धारित स्वास्थ्य संकेतकों की नियमित समीक्षा करने तथा शासन की प्राथमिकता वाले स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8833


सबरंग