MENU

सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, ‘सबसे ऊंचे सरदार’ अभियान का शंखनाद



 29/Oct/26

भारत माता मंदिर से मलदहिया तक निकली पदयात्रा, दूध और गंगाजल से किया सरदार पटेल की प्रतिमा का अभिषेक; 31 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

 लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘सबसे ऊंचे सरदार’ अभियान का शंखनाद किया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से 28 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में की गई। इसी क्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र की ओर से बुधवार को भारत माता मंदिर से मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। ‘सरदार पटेल अमर रहें’ के उद्घोष के बीच पदयात्रा इंग्लिशिया लाइन होते हुए मलदहिया पहुंची।

पदयात्रा से पहले भारत माता मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद भारत माता को पुष्पांजलि अर्पित कर दीप आरती की गई। पदयात्रा के समापन पर अतिथियों ने मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा का दूध और गंगाजल से अभिषेक किया तथा माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण, रियासतों के एकीकरण और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनके योगदान को याद किया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने कहा कि भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। देश की रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने मजबूत भारत की नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। ‘सबसे ऊंचे सरदार’ अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना तथा सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उनका योगदान तथा अटूट संकल्प देशवासियों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में 28 से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान, संगोष्ठी, पदयात्रा, दीपदान और ‘रन फॉर यूनिटी’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और देश की एकता के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम का संयोजन भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी इंद्र भूषण मौर्य ने किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, प्रदेश प्रवक्ता कौशलेंद्र पटेल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा की प्रदेश महामंत्री ज्योति सोनी, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, गोविंद दास गुप्ता और हीरा यादव सहित भाजपा के राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय, जिला एवं महानगर स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3455


सबरंग