MENU

बरठी में रेलवे ओवरब्रिज की सड़क धंसी, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने उठाए निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल



 28/Oct/26

गड्ढे में उतरकर निर्माण सामग्री की परतें जांचीं, पीली मिट्टी के इस्तेमाल का लगाया आरोप; ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जांच और कार्रवाई की मांग की

चंदौली। बरठी क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सड़क धंसने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने मौके पर एकत्र होकर कथित भ्रष्टाचार और निर्माण में लापरवाही के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क की निर्माण सामग्री की जांच की।

पूर्व विधायक ने सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल और सड़क के निर्माण में सीमेंट और गिट्टी के स्थान पर पीली मिट्टी का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने गड्ढे में उतरकर निर्माण सामग्री की परतें उखाड़कर देखीं और मामले की जांच कराने की मांग की।

कटसिला में पुल गिरने की घटना का किया जिक्र

मनोज सिंह डब्लू ने चंदौली के कटसिला में पुल गिरने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मामले का संज्ञान लेने और निर्माण कार्य में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

रेलवे ओवरब्रिज की सड़क धंसने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई।

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल, सड़क धंसने के कारणों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2462


सबरंग