MENU

बरठी कमरौर में खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने जीते कई मेडल



 28/Oct/26

खो-खो में पहला, कबड्डी में दूसरा और दौड़ में हासिल किए पहला व दूसरा स्थान, मेडल और ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित

चंदौली। बरहनी ब्लॉक के बरठी कमरौर स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को न्याय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

बरठी कमरौर के प्रधानाचार्य अंशुमान पाल ने बताया कि प्रतियोगिता में रेवसा, बांसिगपुर, रनियां और जेवरियाबाद के विद्यालयों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने 100 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रेवसा के प्रधानाचार्य रतन लाल ने बताया कि प्रतियोगिता में बच्चों ने खो-खो में प्रथम, कबड्डी में द्वितीय तथा दौड़ की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आपसी तालमेल और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता बच्चों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3067


सबरंग