MENU

सारनाथ में चोरी के मामले में बांग्लादेश के दो आरोपी गिरफ्तार, चांदी के आभूषण और नकदी बरामद



 28/Oct/26

फरीदपुर अंडरपास से पकड़े गए दोनों आरोपी, चोरी के उपकरण, 4 हजार रुपये नकद, दो पासपोर्ट और मोबाइल फोन भी बरामद

वाराणसी। सारनाथ थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 26 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे फरीदपुर अंडरपास से दोनों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान बांग्लादेश निवासी मो. बैरूल इस्लाम (45) और मो. शफीकुल इस्लाम उर्फ मुन्ना (41) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से चांदी की एक जोड़ी पायल, एक चेन, चार हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दो पासपोर्ट, दो मोबाइल फोन और एक पिट्ठू बैग भी मिला है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

घर का ताला तोड़कर चोरी करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को अमनपुरी कॉलोनी, फेज-2 निवासी अबुलैश अहमद ने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 0534/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305ए में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विपिन कुमार पांडेय कर रहे हैं।

पेचकस और लोहे की दो सब्बल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक चेन, एक पेचकस, लोहे की दो सब्बल और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। इसके साथ ही दो पासपोर्ट, एक की-पैड मोबाइल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक पिट्ठू बैग भी मिला है। पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विपिन कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह और दिलीप कुमार यादव, कांस्टेबल सुमित सिंह और मुन्ना यादव तथा रिजर्व कांस्टेबल प्रभाकर सिंह, जितेंद्र और विजयनाथ शामिल रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4734


सबरंग