MENU

रामनगर की रामलीला के इतिहास में पहली बार बागम्बर बग्घी पर निकले चारों भाई, हाथियों के बिना हुआ उपवन विहार



 27/Oct/26

महावतों के हाथी लेकर चले जाने से बदला लीला का पारंपरिक स्वरूप, रामलीला प्रेमियों में चर्चा और निराशा

रामनगर। विश्व प्रसिद्ध रामनगर की रामलीला में रविवार को सनक-सनन्दन की लीला के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने रामलीला प्रेमियों को चौंका दिया। परंपरा के अनुसार चारों भाई हाथियों पर सवार होकर रामबाग उपवन विहार के लिए जाते हैं, लेकिन इस बार हाथियों की अनुपस्थिति में चारों भाइयों को बागम्बर बग्घी पर सवार होकर उपवन विहार के लिए जाना पड़ा। रामलीला से जुड़े लोगों के अनुसार, इतिहास में संभवतः पहली बार ऐसा दृश्य सामने आया है।

दरअसल, हाथी के बिदकने की घटना और उसके महावत की आजमगढ़ में मौत के बाद रामलीला में हाथियों की भागीदारी को लेकर संकट खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद एक-एक कर महावत अपने हाथियों को लेकर चले गए। महावतों के रामलीला से दूरी बनाने के पीछे प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इन परिस्थितियों को लेकर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

हाथियों की अनुपस्थिति का असर रामलीला की कई महत्वपूर्ण परंपराओं पर भी दिखाई दिया। भरत मिलाप के दिन कुंवर अनंत नारायण सिंह ही हाथी पर सवार होकर निकले, जबकि उनके दोनों पुत्र कार से लीला देखने पहुंचे। वहीं, राज्याभिषेक की लीला के दौरान परंपरानुसार अयोध्या में खड़ा रहने वाला हाथी शनिवार को दिखाई नहीं दिया।

रविवार को सनक-सनन्दन की लीला में चारों भाइयों का हाथियों के बजाय बग्घी पर सवार होकर रामबाग उपवन विहार के लिए जाना चर्चा का विषय बन गया। रामनगर की रामलीला में हाथियों की मौजूदगी केवल सवारी तक सीमित नहीं, बल्कि उसकी पारंपरिक भव्यता और विशिष्ट पहचान का भी हिस्सा रही है। ऐसे में इस बार हाथियों के बिना हुए उपवन विहार ने लीला प्रेमियों को उसके एक बेहद मनोरम पारंपरिक दृश्य से वंचित कर दिया।

इससे पहले विजयादशमी के अवसर पर कुंवर के विजय जुलूस को लेकर भी संकट की स्थिति उत्पन्न होने की चर्चा रही थी। बताया जाता है कि राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली थी। अब हाथियों के रामलीला से दूर होने की घटना ने आने वाले वर्षों में इस परंपरा के भविष्य को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

रामनगर की रामलीला अपनी प्राचीन परंपराओं, विशिष्ट आयोजन शैली और ऐतिहासिक स्वरूप के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में नगरवासियों और रामलीला प्रेमियों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि अगले वर्ष हाथियों की भागीदारी फिर से सुनिश्चित हो पाएगी या नहीं। परंपरा को बनाए रखने के लिए प्रशासन और रामलीला आयोजन से जुड़े लोगों के बीच बेहतर समन्वय कितना कारगर होगा, इस पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8938


सबरंग