MENU

चन्द मिनट के लिए पूरी रात जागता रहा नगर, भोर की आरती लेने उमड़ा आस्था का जनसैलाब, पूरी रात भगवान का हुआ दर्शन



 27/Oct/26

जगह जगह श्रद्धालुओं ने किया भजन कीर्तन 

रामनगर। प्रभु के प्रति ऐसी भक्ति विरले ही देखने को मिलेगा जहां चन्द मिनट के लिए किसी ने महीनों इंतज़ार किया, किसी ने एक साल इंतज़ार किया , तो किसी ने पूरी रात का इंतज़ार किया। लेकिन इसके लिए सारा नगर पूरी रात रतजगा किया। सड़कों पर यूं ही कोई तफरी मारता रहा तो, कोई भजन कीर्तन में रमा रहा। यह चन्द मिनट थे कुछ खास था भोर में होने वाली आरती के लिए। अयोध्या के राजा राम की पहली आरती लेने के लिए रविवार की सुबह रामनगर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजा राम के गृहनगर अयोध्या में हुई यह भोर की आरती लेने के लिए लोगों ने रात भर रतजगा किया। मंदिरों , गंगा घाटों और सामाजिक संस्थाओं के मंचो पर कहीं भजन कीर्तन तो कहीं भक्ति संगीत की स्वर लहरियों में डूबते उतराते श्रद्धालुओं ने रात गुजारी। फिर अयोध्या का रुख किया तो घण्टों वहीं के होकर रह गए। सिंहासनारूढ़ राजा राम की एक झलक लेने के लोगों ने मानो रामनगर में धुनी रमा ली थी। राज्याभिषेक के बाद भगवान राम सीता समेत चारों भाई सिंहासन पर बैठ कर सारी रात लोगों को दर्शन देते रहे। जिन्होंने दर्शन कर लिया वे भजन कीर्तन में लीन हो गए। सबको अब इंतज़ार था भोर का और भगवान भास्कर की अरुणाई लेती लालिमा का। भोर में चार बजते बजते हर राह जैसे अयोध्या की ओर चल पड़ी। जिस राह से देखिए उधर से ही लोग अयोध्या की ओर बढ़ रहे थे। अयोध्या की आस पास की छतों पर भीड़ जमा हो चुकी थी तो घरों के सामने खड़े लोग भवन स्वामियों से जगह देने के लिए मनुहार में जुटे हुए थे। जैसे जैसे समय नजदीक आता जा रहा था लोगों के कदम तेजी से अयोध्या की ओर भाग रहे थे। अयोध्या ने भी जैसे आज अपना दामन फैला दिया था। खुला न्यौता था आइये और एकाकार होइए प्रभु के साथ। लोगों की निगाहें बार बार रामनगर किले की ओर उठ रही थी जिधर से कुंअर अनंत नारायण सिंह को आना था। भोर के पांच बजकर चालीस मिनट हुए। उधर आसमान में हल्की लालिमा दिखी और इधर कुंअर अनंत नारायण सिंह का काफिला पैदल ही किले से निकला। हर हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष का स्वर गूंजा तो अयोध्या में हलचल सी उठ गई। दो मिनट बाद कुंवर अयोध्या में खड़े थे। आस्था का सैलाब जैसे भक्ति की हर सीमा तोड़ने पर आमादा था। कुंवर के पहुँचते ही व्यास ने सबसे पहला जयमाल श्रीराम को पहनाया तो राम जी की जय जयकार से आसमान गूंज उठा। सीता , भरत, लक्ष्मण और शत्रुध्न को जयमाल पहनाई गई। ठीक पांच बज कर 45 मिनट पर व्यास ने आरती सजा कर माता कौशल्या को थमाई। इसी के साथ शुरू हो गई भोर की आरती। रामनगर की रामलीला की सर्वाधिक फल देने वाली आरती। हर हाथ करबद्ध प्रार्थना की मुद्रा में जुड़ गए तो हर मुख सीता राम सीता राम का जप करने में जुट गया। लाल सफेद महताबी की रोशनी में भगवान की दमकती आभा आंखों को ऐसा सुकून दे रही थी जैसे सारे जहां की खुशियां इनमें समा गई हो। चार मिनट तक भक्ति प्रवाह अपने चरम पर पहुँच कर विराम पर पहुँची कि वैसे ही फिर कोलाहल बढ़ गया। जैसे ही आरती समाप्त हुई रामलीला के व्यास ने राम के गले की माला निकालकर कुंवर अनंत नारायण सिंह को पहनाया। उसके बाद वह कार में बैठकर हवा खोरी के लिए निकल गए। लेकिन भक्तों को अभी कहाँ चैन था। अब होड़ मची सिंहासन में लगे फूलों को लेने की। हर कोई सिंहासन के पास ही पहुँच जाना चाहता था। इसके बाद जब चारों भाई साधुओं के कंधे पर बैठ कर गंगा घाट के लिए निकले तो उनके पैर छूने के लिए लोग बेताब हो उठे। किसी तरह पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों ने स्वरूपों को सुरक्षा घेरे में लेकर आगे बढ़ना शुरू किया। लेकिन लोग इतने उद्विग्न थे कि कई बार ऐसा लगा कि स्वरूपों को कहीं धक्का न लग जाय। किसी तरह बचते बचाते स्वरूप आगे निकले। रास्ते में श्रीराम की प्रंशसा में कवित्त गाये गए। गंगा घाट विहार कर सभी स्वरूप बलुआ घाट धर्मशाला पहुँचे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2283


सबरंग