MENU

भदऊं चुंगी से नमो घाट तक पीएम मोदी का रोड शो, ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठी काशी



 25/Oct/26

पुलिस लाइन से नमो घाट जाते समय जगह-जगह पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत, लोगों का अभिवादन करने के लिए प्रधानमंत्री ने रुकवाया काफिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर काशी में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। अरविंद मिल के लोकार्पण के बाद हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे प्रधानमंत्री यहां से सड़क मार्ग द्वारा नमो घाट के लिए रवाना हुए। इस दौरान भदऊं चुंगी से नमो घाट तक उनके स्वागत में जगह-जगह लोग जुटे रहे। ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया। पूरे मार्ग पर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।

भदऊं चुंगी से नमो घाट तक निकला रोड शो

काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता नवरतन राठी ने बताया कि भदऊं चुंगी से नमो घाट जाते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रास्ते में भारी जनसमर्थन मिला। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी उत्साह व्यक्त किया गया।

नवरतन राठी के अनुसार, लोगों के उत्साह को देखते हुए प्रधानमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया। वह कार के दरवाजे के सहारे खड़े होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करने लगे। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

धार्मिक-सांस्कृतिक रंग में रंगी काशी की सड़कें

प्रधानमंत्री के स्वागत के दौरान काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। जगह-जगह जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। जयघोष और लोगों के उत्साह के बीच प्रधानमंत्री का काफिला नमो घाट की ओर बढ़ा। पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7835


सबरंग