MENU

एपेक्स हॉस्पिटल में सफल किडनी ट्रांसप्लांट के बाद 24 वर्षीय युवक को मिली छुट्टी, मां ने किया किडनी दान



 24/Oct/26

नवरात्रि में हुआ था प्रत्यारोपण, स्वास्थ्य में सुधार के बाद मां-बेटे को अस्पताल से दी गई छुट्टी; चिकित्सा टीम ने नियमित फॉलोअप और दवाओं के सेवन की दी सलाह

वाराणसी। भिखारीपुर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल किडनी ट्रांसप्लांट सेंटर में सफल किडनी प्रत्यारोपण के बाद 24 वर्षीय युवक को स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। युवक की मां ने उसे किडनी दान की थी। प्रत्यारोपण के बाद मां और बेटे की स्थिति स्थिर होने पर अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सा टीम की उपस्थिति में उन्हें विदाई दी गई। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट किए गए और पुष्पवर्षा कर उनके स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।

नवरात्रि के दौरान संपन्न हुआ यह किडनी प्रत्यारोपण मां के निःस्वार्थ प्रेम, पारिवारिक विश्वास और चिकित्सा टीम के समन्वित प्रयासों का उदाहरण बना। बेटे के स्वास्थ्य में सुधार के बाद घर लौटने पर परिवार ने राहत और खुशी व्यक्त की तथा उपचार में सहयोग के लिए अस्पताल की टीम के प्रति आभार जताया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया प्रत्यारोपण

एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह की उपस्थिति में युवक और उसकी मां को अस्पताल से छुट्टी दी गई। प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित और एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके साथ ही ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर सनी, प्रबंधक संदीप एवं मनमोहन सहित ट्रांसप्लांट टीम, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, नर्सिंग स्टाफ और ऑपरेशन थिएटर के कर्मचारियों ने उपचार एवं प्रत्यारोपण के बाद की देखभाल में सहयोग किया। सभी के समन्वित प्रयासों से प्रत्यारोपण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

चेयरमैन ने मां के साहस और प्रेम को सराहा

इस अवसर पर प्रो. डॉ. एसके सिंह ने मां के साहस और निःस्वार्थ प्रेम की सराहना करते हुए मां-बेटे के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। बेटे का स्वास्थ्य सुधरने के बाद घर लौटना परिवार के लिए नई उम्मीद लेकर आया।

अस्पताल से छुट्टी के समय चिकित्सकों ने मां-बेटे को नियमित फॉलोअप कराने, निर्धारित दवाओं का समय पर सेवन करने, स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण से बचाव के निर्देश दिए। चिकित्सा टीम ने प्रत्यारोपण के बाद नियमित चिकित्सकीय निगरानी और डॉक्टरों की सलाह का पालन करने के महत्व पर भी जोर दिया।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6738


सबरंग