MENU

बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में माइक्रोटेक कॉलेज इंडक्शन मीट और फ्रेशर्स पार्टी का भव्य समापन



 24/Oct/26

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, टैलेंट राउंड और पुरस्कार वितरण में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रतिभाएं सम्मानित

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन में शनिवार को माइक्रोटेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की कॉलेज इंडक्शन मीट एवं फ्रेशर्स पार्टी 2026 का भव्य आयोजन हुआ। संस्थान के बड़ागांव, मलदहिया, संकटमोचन और केराकत कैंपस के नवागंतुक छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, प्रेरणा, मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इंडक्शन मीट में विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन

कार्यक्रम का शुभारंभ अम्मेरा और फरहीन की एंकरिंग के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के बाद प्रबंधन अध्ययन संकाय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एच. पी. माथुर, प्रबंधन अध्ययन संस्थान, बीएचयू के प्रोफेसर डॉ. अमित गौतम और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय, देहरादून की सहायक प्रोफेसर डॉ. श्वेता चौहान ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। अतिथियों को बुके और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान दुर्गा माता की शक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। माइक्रोटेक के कार्यकारी निदेशक डॉ. पंकज राजहंस ने संस्थान की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, कौशल विकास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया। इसके बाद शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

फ्रेशर्स पार्टी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

इंडक्शन मीट के बाद दोपहर 1:30 बजे फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सीनियर्स स्वैग शो से हुई। इसके बाद पश्चिमी नृत्य, गुजराती नृत्य, महाभारत थीम पर आधारित प्रस्तुति, गायन, कॉमेडी डांस एक्ट और हरियाणवी-पश्चिमी फ्यूजन डांस सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

फ्रेशर्स टैलेंट राउंड और प्रश्नोत्तर राउंड में नवागंतुक विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, बुद्धिमत्ता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। शाम 5:30 बजे आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मिस्टर एवं मिस फ्रेशर (मलदहिया, संकटमोचन और केराकत), बेस्ट एटायर, बेस्ट वॉक, बेस्ट डांस सहित विभिन्न विशेष खिताबों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान मिली।

26 वर्षों से शिक्षा और कौशल विकास पर जोर

माइक्रोटेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस पिछले 26 वर्षों से बीसीए, बीबीए, एमबीए सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। संस्थान के अनुसार, इसके पाठ्यक्रम एकेटीयू, एमजीकेवीपी और वीबीएसपीयू से संबद्ध हैं। इसके अतिरिक्त संस्थान आईआईटी पटना और आईआईआईटी रांची के हाइब्रिड शैक्षणिक कार्यक्रमों से भी जुड़ा हुआ है।

संस्थान में विद्यार्थियों के कौशल विकास, इंडस्ट्री एक्सपोजर, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ रोजगारपरक कौशल प्रदान करना और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

एलुमनी मीट में पूर्व छात्रों ने की सहभागिता

कार्यक्रम के अंतर्गत एलुमनी मीट यानी पूर्व छात्र मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया। इसमें अंकित सिंह, आकाश कुमार बरनवाल, नवीन सिंह, वैभव अग्रवाल और दिव्या श्रीवास्तव सहित संस्थान के पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने संस्थान की प्रगति और उपलब्धियों को करीब से देखा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. नीरज राजहंस ने अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें संस्थान की संस्कृति एवं मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

माइक्रोटेक कॉलेज इंडक्शन मीट एवं फ्रेशर्स पार्टी 2026 नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक सत्र की यादगार शुरुआत बनी। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतिभा प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं सामने लाने का अवसर मिला।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8983


सबरंग