MENU

वाराणसी में एयर शो और पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा सख्त, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने की ब्रीफिंग



 24/Oct/26

24 और 25 अक्टूबर को एयर शो के मद्देनजर वीवीआईपी रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रहेगी कड़ी निगरानी, दर्शकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन और 24 व 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के आगमन, भ्रमण और एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, अपने दायित्वों को समझने और पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस

पुलिस आयुक्त ने वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और चिह्नित स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।

होटल, ढाबों, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने के स्थानों की जांच तथा आवश्यक सत्यापन करने को भी कहा गया। पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान

एयर शो और प्रधानमंत्री के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल के आसपास पार्किंग, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास मार्गों की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया। प्रमुख चौराहों, संपर्क मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। आपातकालीन मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा भीड़ नियंत्रण के दौरान संयम बरतने के निर्देश भी दिए गए।

दर्शकों से शालीन व्यवहार करेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा लोगों को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करने के लिए कहा गया।

दर्शकों को रास्ता बताने, आवश्यक जानकारी देने और जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा महिला दर्शकों की सुरक्षा और सहायता का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

प्रवेश द्वारों पर होगी सघन जांच

कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी। बिना सुरक्षा जांच के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला दर्शकों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी।

इसके साथ ही सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सतर्क निगरानी रखने तथा भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

वायरलेस संचार और त्वरित कार्रवाई पर जोर

ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के पास वायरलेस सेट उपलब्ध रखने तथा आपसी संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने और सुरक्षा व्यवस्था पर पूरा ध्यान केंद्रित करने को कहा गया।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और अधीनस्थ कर्मचारियों की सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आमजन की सुविधा के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराया जाए।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1164


सबरंग