MENU

वाराणसी में आठ स्थानों पर होगा पीएम मोदी का भव्य स्वागत, प्रदीप अग्रहरि ने संभाली कमान



 24/Oct/26

पुलिस लाइन से नमो घाट तक शंखनाद, डमरू वादन और पुष्पवर्षा से होगा अभिनंदन, महानगर अध्यक्ष ने स्वागत स्थलों का निरीक्षण कर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

वाराणसी। प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर भाजपा महानगर ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थलों पर प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार की गई है। इन स्थलों पर शंखनाद, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच उनका अभिनंदन किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के स्वागत को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने विभिन्न स्वागत स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वागत कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, महापौर, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की भागीदारी रहेगी।

काशी की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप होगा प्रधानमंत्री का स्वागत

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काशी से विशेष जुड़ाव है। ऐसे में उनका स्वागत काशी की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक वैभव और जनभावनाओं के अनुरूप भव्य एवं यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इन आठ स्थानों पर संभालेंगे भाजपा नेता स्वागत की जिम्मेदारी

1. पुलिस लाइन (उमा नेत्रालय): उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में पूनम मौर्या, पूजा दीक्षित, चंद्रशेखर उपाध्याय और मृदुला जायसवाल महिला मोर्चा के साथ स्वागत की जिम्मेदारी संभालेंगी।

2. पुलिस लाइन मोड़: महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अगुवाई में पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, अशोक जाटव, अखिलेन्द्र सिंह सन्नी, संजय राय और सुधीर मिश्रा युवा मोर्चा के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।

3. संस्कृत संकुल: महापौर अशोक तिवारी, पूर्व विधान परिषद सदस्य शिवनाथ यादव, प्रेम कपूर, नवीन कपूर और अवधेश राय अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ स्वागत करेंगे।

4. लकड़ी मंडी तिराहा, चौकाघाट: विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, दिनेश कुमार दीनू, हीरा यादव और दिलीप चौहान पिछड़ा मोर्चा के साथ स्वागत की कमान संभालेंगे।

5. गोलगड्डा तिराहा: कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में मनीष कपूर, जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह और योगेश सिंह पिंकू किसान मोर्चा सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।

6. कज्जाकपुरा: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', पूर्व महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, राहुल सिंह और दीपेश वशिष्ठ कैंट मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत करेंगे।

7. भदऊ चुंगी मोड़: दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में नरसिंह दास, सत्येंद्र सिंह और अक्षयवर सिंह सहित काशी विश्वनाथ मंडल के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।

8. नमो घाट मोड़: सुरेश चौरसिया, रोहित जायसवाल और अमरेश गुप्ता सहित विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के स्वागत की जिम्मेदारी निभाएंगे।

भाजपा महानगर की योजना के अनुसार, सभी आठ स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ काशी की पारंपरिक सांस्कृतिक छटा प्रदर्शित की जाएगी। शंखनाद, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा के माध्यम से प्रधानमंत्री का अभिनंदन कर काशी की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक गौरव को प्रस्तुत करने की तैयारी है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7470


सबरंग