MENU

एयर शो से पहले सीएम योगी ने परखी तैयारियां, घाटों पर सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम के निर्देश



 24/Oct/26

नमो घाट का किया निरीक्षण, काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में टेका मत्था; बोले- आम लोगों की आवाजाही आसान रखें, अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचें

 वाराणसी में रविवार को प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को काशी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण किया और सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और आमजन की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि एयर शो के दौरान गंगा घाटों तक आम लोगों की पहुंच आसान रखी जाए और अनावश्यक बैरिकेडिंग न की जाए।

मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर एयर शो से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वाराणसी में एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। गंगा के आसमान में राफेल और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

घाटों पर सुरक्षा के साथ आमजन की सुविधा पर जोर

सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के मद्देनजर गंगा घाटों सहित शहर के सभी आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। गंगा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम रखा जाए और बिना आवश्यकता बैरिकेडिंग न की जाए। इसके साथ ही पर्याप्त पार्किंग स्थल उपलब्ध कराने, रूट डायवर्जन की व्यवस्था स्पष्ट रखने और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रमुख मार्गों और गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि एयर शो देखने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकर की व्यवस्था

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतीकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को घाटों पर सिल्ट की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयोजन के मद्देनजर 200 मोबाइल टॉयलेट और 280 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा घाटों और प्रमुख मार्गों पर दो हजार डस्टबिन रखे जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था के लिए 200 वॉलंटियर तैनात रहेंगे। सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों के माध्यम से भी स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पड़े कूड़े को भी हटाने को कहा, ताकि शहर में स्वच्छता बनी रहे।

बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन

अधिकारियों के साथ बैठक और एयर शो की तैयारियों का जायजा लेने के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किया। उन्होंने सबसे पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती की।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्भगृह में जलाभिषेक और षोडशोपचार पूजन कर लोककल्याण की कामना की।

बैठक में मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और महापौर अशोक तिवारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए एयर शो और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8709


सबरंग