वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। बरेका के खेलकूद स्टेडियम में आयोजित समारोह में भव्य रामलीला मंचन के बाद 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकर्ण और 60 फीट के मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। आकर्षक आतिशबाजी और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं भगवान लक्ष्मण की आरती कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने उपस्थित लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के स्वस्थ, सुखी एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से इस पर्व के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा अहंकार के स्थान पर विनम्रता और असत्य के स्थान पर सत्य को अपनाने का आह्वान किया।
श्री एस.डी. सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत रूपक रामलीला में राम वनगमन, सीता हरण, वानरों द्वारा माता सीता की खोज, लंका दहन, हनुमान जी की वापसी और विभीषण की शरणागति जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया।
इसके अलावा अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण वध, मेघनाद वध, सुलोचना विलाप और राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विभीषण द्वारा रावण की मृत्यु का रहस्य बताए जाने और रावण वध के साथ रूपक रामलीला का समापन हुआ।
रामलीला के समापन के बाद आकर्षक आतिशबाजी के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकर्ण और 60 फीट के मेघनाद के पुतलों के जलते ही पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण माहौल ने समारोह को यादगार बना दिया।
समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा और महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा विजयादशमी समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, समिति के महामंत्री अनूप सिंह वत्स, कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा और सुशील कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, समिति के सदस्य, बरेका कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक समारोह में शामिल हुए।