MENU

वाराणसी में सात दिवसीय ‘वन्दे मातरम् शिविर’ का भव्य समापन, 6 राज्यों के 150 युवाओं को मिला प्रमाण पत्र



 22/Oct/26

राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने युवाओं को बताया राष्ट्र की असली शक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश

वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्त संस्थान ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), वाराणसी की ओर से आयोजित सात दिवसीय आवासीय ‘वन्दे मातरम् शिविर’ का बुधवार को भव्य समापन हुआ। 15 से 21 अक्टूबर तक संत अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर परिसर में आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर में देश के छह राज्यों से आए 150 चयनित युवाओं ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

समापन समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र की असली शक्ति हैं। सात दिवसीय शिविर देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, नागरिक कर्तव्यों और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने युवाओं से शिविर के दौरान प्राप्त सीख और प्रेरणा को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

छह राज्यों के 150 युवाओं को मिला सहभागिता प्रमाण पत्र

समापन सत्र के दौरान शिविर में सफलतापूर्वक भाग लेने वाले सभी 150 युवा प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रमाण पत्र पाकर युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

इस राष्ट्रीय शिविर में विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिनिधियों ने अपने सात दिनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने काशी भ्रमण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और शिविर के दौरान मिली सीख से जुड़े संस्मरण प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे आपसी संवाद, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

उप निदेशक ने प्रस्तुत की शिविर की प्रगति आख्या

‘मेरा युवा भारत’, वाराणसी के उप निदेशक विकाश कुमार सिंह ने सात दिवसीय राष्ट्रीय शिविर की विस्तृत प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए संत अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर के माध्यम से विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर उनमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। समापन समारोह के साथ सात दिवसीय आवासीय शिविर का औपचारिक समापन हुआ।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3245


सबरंग