वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के समापन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 7 अक्टूबर को काशी में सेवा यात्रा के समापन के साथ बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा आयोजित की जाएगी। जनसभा में 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद उन्होंने करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और लगभग 12 वर्ष देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। इसी राजनीतिक सफर के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
अशोक चौरसिया ने बताया कि वडनगर से काशी तक निकाली गई बाइक सेवा यात्रा का उद्देश्य केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना नहीं था, बल्कि समाजसेवा के माध्यम से लोगों से जुड़ना भी था। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों, जिलों और स्थानों पर यात्रियों ने स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और रक्तदान सहित जनसेवा के कार्यों में भागीदारी की।
उन्होंने कहा कि यात्रा के अलग-अलग पड़ावों पर सेवा और सामाजिक सहभागिता के अनेक उदाहरण सामने आए। काशी में यात्रा का समापन भी इसी सेवा भावना के साथ किया जाएगा।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह नौ बजे बाइक सेवा यात्रा के सहभागी बसों से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान पहुंचेंगे। वहां उनके स्वागत और अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित संगठन के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। यात्रियों का तिलक लगाकर, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर स्वागत किया जाएगा।
सुबह 10 से 11 बजे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव उद्बोधन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सुना जाएगा। इसके बाद सभी सहभागी बसों से मैदागिन पहुंचेंगे और वहां से पैदल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।
अशोक चौरसिया के अनुसार, पैदल यात्रा में सबसे आगे वडनगर की नदियों के जल से भरे 11 कलश और गंगाजल के 11 कलश रखे जाएंगे। कुल 22 कलशों के साथ 51 महिलाएं भी यात्रा में शामिल होंगी। भाजपा के संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, मंत्री, एमएलसी, कार्यकर्ता और बाइक सेवा यात्रा के सहभागी मिलाकर लगभग 800 लोग इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सभी श्रद्धालु मंदिर के गेट नंबर चार से प्रवेश करेंगे। मंदिर में करीब एक घंटे तक पूजन-अनुष्ठान और जलाभिषेक का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद सभी लोग पैदल मैदागिन लौटेंगे और बस से गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचकर दोपहर का भोजन करेंगे।
सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों के तहत दोपहर 2:30 बजे जगतपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की जनसभा आयोजित होगी। अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी में राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह पहली जनसभा है। इसे लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जनसभा में 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों से संपर्क कर रहे हैं। गांवों, गलियों और चट्टी-चौराहों पर जनसभा में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के झंडे तथा होर्डिंग भी लगाए जा रहे हैं।
सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद 8 अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे बाइक सेवा यात्रा के सहभागी अयोध्या के लिए रवाना होंगे। अयोध्या पहुंचने के बाद वे दिल्ली जाएंगे और वहां से अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, समाज और संगठन की सहभागिता को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। काशी में यात्रा का समापन, बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और जगतपुर में जनसभा इस अभियान के प्रमुख कार्यक्रम होंगे।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, मधुकर चित्रांश, संतोष सोलापुरकर और शैलेन्द्र मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।