वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में विजयादशमी पर्व के मद्देनजर 20 अक्टूबर 2026 को विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत दोपहर 2 बजे से रावण दहन तक बरेका के सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। इनमें ककरमत्ता मुख्य प्रवेश द्वार, एफसीआई गेट, नाथूपुर गेट, पहाड़ी गेट और कंदवा गेट शामिल हैं। इस दौरान रेल कर्मचारियों को वैध पहचान पत्र और आम नागरिकों को रामलीला मंचन एवं रावण दहन का वैध प्रवेश पास दिखाने पर ही परिसर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।
बरेका प्रशासन ने यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण, जनसुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से लागू की है। विजयादशमी के अवसर पर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
बरेका में विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को पारंपरिक उल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। केंद्रीय खेल मैदान में शाम 4:30 बजे से रात 8 बजे तक भव्य रामलीला मंचन, आकर्षक आतिशबाजी और रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत होंगे।
कार्यक्रम के दौरान 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। रामलीला मंचन और पुतला दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई तथा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया जाएगा।
बरेका प्रशासन ने रेल कर्मचारियों और आम नागरिकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित प्रवेश पास और वैध पहचान पत्र साथ रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि विजयादशमी का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण और आनंदमय वातावरण में संपन्न हो सके।