MENU

वाराणसी में पुलिस की पहल से बचा वैवाहिक रिश्ता, सत्या और रामबाबू को किया गया सम्मानित



 19/Oct/26

शादी के तीन महीने बाद ही अलग होने का लिया था फैसला, कोतवाली पुलिस की काउंसलिंग से दूर हुए मतभेद; दंपति ने पुलिस का जताया आभार

कमिश्नरेट वाराणसी के थाना कोतवाली पुलिस की मध्यस्थता और काउंसलिंग से एक दंपति के बीच उत्पन्न वैवाहिक विवाद का समाधान हुआ। शादी के महज तीन महीने बाद आपसी मतभेद और लड़ाई-झगड़े के कारण अलग होने का फैसला करने वाले सत्या प्रजापति और रामबाबू प्रजापति अब साथ में खुशहाल वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इस सकारात्मक पहल के लिए शुक्रवार को थाना कोतवाली में दोनों को सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार, नवापुरा, थाना कोतवाली, कमिश्नरेट वाराणसी निवासी सत्या प्रजापति की शादी दिसंबर 2025 में रामबाबू प्रजापति के साथ हुई थी। शादी के लगभग तीन महीने बाद ही दोनों के बीच आपसी मतभेद और विवाद बढ़ने लगे। स्थिति ऐसी हो गई कि दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया और अपनी समस्या लेकर थाने पहुंचे।

पुलिस की काउंसलिंग से दूर हुए मतभेद

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मध्यस्थता के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दंपति की काउंसलिंग की और उन्हें आपसी बातचीत, समझदारी तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस ने सुलह के बाद भी दोनों से समय-समय पर संपर्क बनाए रखा और उनके वैवाहिक जीवन की स्थिति का फीडबैक लिया। लगातार काउंसलिंग और संवाद के परिणामस्वरूप दोनों के बीच मतभेद दूर हुए और उन्होंने साथ रहने का निर्णय लिया।

खुशहाल जीवन जी रहे दंपति, पुलिस का जताया आभार

वर्तमान में सत्या प्रजापति और रामबाबू प्रजापति आपसी प्रेम और सामंजस्य के साथ अपना वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इस सकारात्मक बदलाव को देखते हुए थाना कोतवाली में दोनों को सम्मानित किया गया।

दंपति ने अपना वैवाहिक जीवन बचाने और उनके बीच सुलह कराने के लिए पुलिस का आभार जताया। पुलिस की इस पहल से पारिवारिक विवादों को संवाद और काउंसलिंग के माध्यम से सुलझाने तथा वैवाहिक संबंधों में आपसी विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया गया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7630


सबरंग