पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा लोहता, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, क्षेत्र की निगरानी और आगामी त्योहारों के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अलावल में फैजुल मदरसा के पास एक व्यक्ति बिक्री के लिए अवैध पटाखे और बारूद लेकर बैठा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और सहाबुद्दीन पुत्र स्वर्गीय मो. इशहाक खां को कथित अवैध पटाखों और बारूद के साथ हिरासत में ले लिया। बरामद सामग्री का कुल वजन 5.590 किलोग्राम बताया गया है।
इस मामले में थाना लोहता में मुकदमा अपराध संख्या 0312/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9(ख) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह, उपनिरीक्षक ऋतुराज सिंह, उपनिरीक्षक रवि गोंड, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार सिंह, कांस्टेबल विशाल कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार और रिजर्व कांस्टेबल जगदीश कुमार शामिल रहे।
— क्लाउन टाइम्स, वाराणसी