वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान भीड़ प्रबंधन की प्रभावी योजना बनाई जाए। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए बेहतर रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाए। इसके अलावा पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था और वहां दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं।
उन्होंने आयोजन स्थलों पर उचित बैरिकेडिंग और पर्याप्त लाइफ जैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर मोबाइल टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों और कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। एयर शो जैसे बड़े आयोजन में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए।
सीएम योगी ने सरकारी और निजी अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने और पूरे शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। नमो घाट से अस्सी घाट तक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों तक विद्युत खंभों पर स्पाइरल लाइट लगाने और प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण कराने के लिए विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुत योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ एनपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से अवगत कराया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। आयोजन के मद्देनजर 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था के लिए 3,000 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
समीक्षा बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव और डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे।
इसके अलावा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और जगदीश पटेल, जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार सहित एयरफोर्स और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।