MENU

वाराणसी में 600 से अधिक सफाई कर्मियों का सम्मान, सीएम योगी ने खुद परोसा भोजन



 15/Oct/26

विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान का समापन, मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों को बताया समाज की नींव

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी के रामकटोरा स्थित सरोज पैलेस में आयोजित स्वच्छता मित्र सम्मान समारोह में नगर निगम और जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों को समाज की नींव बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वयं सफाई कर्मियों को भोजन परोसा और उनके साथ संवाद भी किया।

स्वच्छता मित्र समाज की नींव : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छता मित्र समाज की नींव के पत्थर हैं और उनका सम्मान करना बहुत बड़ी बात है। जब अधिकांश लोग सो रहे होते हैं, तब सफाई मित्र सड़कों और गलियों की सफाई में जुटे रहते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान की सराहना करते हुए इसे अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जनप्रतिनिधियों में इस तरह की कार्यशैली विकसित हो जाए, तो बदलाव को कोई नहीं रोक सकता।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शासन की अपनी सीमाएं और कार्यक्षेत्र हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की पहुंच समाज के विभिन्न वर्गों तक अधिक होती है। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने 76 दिनों में हजारों लोगों तक पहुंचकर जनसेवा और सामाजिक जागरूकता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा हो सकती है, जिसे जनहित के कार्यों और जागरूकता के माध्यम से दूर किया जा सकता है।

600 से अधिक सफाई कर्मियों का सम्मान

समारोह में नगर निगम और जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 सफाई कर्मियों को अपने हाथों से सम्मान प्रदान किया। इस दौरान सफाई कर्मियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया और उन्हें आवश्यक किट भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम में स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम और डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे। इसके अलावा पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों को खुद परोसा भोजन

सम्मान समारोह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों को अपने हाथों से भोजन परोसा। उन्होंने महिला और पुरुष सफाई कर्मियों से बातचीत करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी और उन्हें भोजन कराया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से कार्यक्रम में मौजूद सफाई कर्मियों में उत्साह दिखाई दिया।

सम्मान पाकर सफाई कर्मियों ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए सफाई कर्मी वसीम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत और सम्मान किया जाना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने मुख्यमंत्री के संबोधन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सफाई कर्मियों के काम और उनकी जिम्मेदारियों को जिस तरह से महत्व दिया गया, वह उनके लिए सुखद अनुभव है।

वसीम ने बताया कि पहले वेतन मिलने में देरी होती थी और कभी-कभी कटौती भी हो जाती थी, लेकिन अब उन्हें समय पर पूरा वेतन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं उनका स्वागत करेंगे और उन पर पुष्प वर्षा कर सम्मानित करेंगे।

समारोह के दौरान सम्मानित सफाई कर्मियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के साथ जनप्रतिनिधियों की सामाजिक भागीदारी और जनसेवा के महत्व को भी रेखांकित किया गया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5562


सबरंग