MENU

एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग के 8 विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट, 3 लाख रुपये तक का सालाना पैकेज



 14/Oct/26

पूर्वांचल नेत्रालय आई हॉस्पिटल में 7 जीएनएम छात्राओं और एक ओटी टेक्नीशियन का चयन, ऑनलाइन इंटरव्यू में 16 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

वाराणसी। एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं एलाइड हेल्थकेयर, वाराणसी के 8 विद्यार्थियों का कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से चयन हुआ है। पूर्वांचल नेत्रालय आई हॉस्पिटल, वाराणसी में नर्सिंग सेवाओं और ओटी टेक्नीशियन के पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया में चयनित विद्यार्थियों को सालाना 2.5 लाख से 3 लाख रुपये तक का पैकेज मिलेगा।

विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की ओर से कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया गया। एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह के संरक्षण एवं प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आर. जोहंसी रानी के मार्गदर्शन में यह आयोजन एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में हुआ। इसमें जीएनएम अंतिम वर्ष और एलाइड हेल्थकेयर डिप्लोमा के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

एपेक्स के मानव संसाधन विभाग के सहयोग से आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन नर्सिंग कॉलेज के एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. गौरव सिंह और जीएनएम फैकल्टी सलमा ने किया। पूर्वांचल नेत्रालय आई हॉस्पिटल के ऑपरेशनल मैनेजर एवं मार्केटिंग मैनेजर की मौजूदगी में अस्पताल की एचआर टीम ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया।

कैंपस इंटरव्यू में कुल 16 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। साक्षात्कार और प्रारंभिक मूल्यांकन के बाद 8 विद्यार्थियों को चयनित किया गया। इनमें नर्सिंग सेवाओं के लिए 7 जीएनएम छात्राएं और ओटी टेक्नीशियन के पद के लिए एक विद्यार्थी शामिल है।

इस कैंपस प्लेसमेंट से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिला है। साथ ही, कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने की पहल को भी बढ़ावा मिला है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6974


सबरंग