MENU

वाराणसी: नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का सीएम योगी ने किया निरीक्षण, पीएम मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा के निर्देश



 14/Oct/26

22 से 25 अक्टूबर तक वाराणसी में होगा एयर शो, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना; सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से ली जानकारी

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान नमो घाट पर स्थलीय निरीक्षण कर आगामी एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। 22 से 25 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस एयर शो में 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों से एयर शो की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने नमो घाट के साथ ही गंगा के अन्य घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एयर शो से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा कराने को कहा।

प्रोजेक्ट मानचित्र के जरिए अधिकारियों ने दी जानकारी

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रोजेक्ट मानचित्र के माध्यम से आयोजन स्थल और उससे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी साझा की। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक सुनील पटेल और विधायक टी. राम मौजूद रहे।

इसके अलावा पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9585


सबरंग