वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर के क्षतिग्रस्त होने और सोना गायब होने संबंधी खबरों को मंदिर न्यास ने निराधार और भ्रामक बताया है। न्यास की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि अप्रैल 2026 में मुख्य मंदिर के गर्भगृह के ऊपर वायव्य कोण पर स्थापित शिखर क्षतिग्रस्त हुआ था। क्षतिग्रस्त शिखर को मंदिर के लॉकर में यथास्थिति सुरक्षित रखा गया है।
मंदिर न्यास ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और दैनिक समाचार पत्र ‘हिन्दुस्तान’ में प्रसारित खबरों के संबंध में यह स्पष्टीकरण जारी किया है।
आईआईटी मद्रास की टीम कर चुकी है निरीक्षण
न्यास के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर धार्मिक महत्त्व के साथ-साथ ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक दृष्टि से भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। शिखर के संरक्षण और मरम्मत के लिए आईआईटी मद्रास से तकनीकी परीक्षण एवं परामर्श लेने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि मंदिर की मूल संरचना और ऐतिहासिक महत्ता सुरक्षित रखी जा सके।
इसी क्रम में आईआईटी मद्रास की विशेषज्ञ टीम ने धाम का स्थलीय निरीक्षण किया था और जुलाई 2026 में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। रिपोर्ट में प्राकृतिक पत्थर और लकड़ी पर पर्यावरणीय प्रभावों से होने वाले क्षरण का उल्लेख किया गया है। साथ ही, संरक्षण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित सामग्री का सूक्ष्म विश्लेषण और आवश्यक तकनीकी जांच कराने की जरूरत बताई गई है।
नवंबर में फिर होगा मुख्य मंदिर परिसर का निरीक्षण
मंदिर न्यास के मुताबिक, आईआईटी मद्रास की विशेषज्ञ टीम द्वारा नवंबर 2026 में मुख्य मंदिर परिसर का दोबारा निरीक्षण किया जाना प्रस्तावित है। इस निरीक्षण और आवश्यक तकनीकी परीक्षणों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
इस रिपोर्ट में मंदिर की संरचनात्मक सुरक्षा के साथ उसकी धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक महत्ता को संरक्षित रखने के लिए आवश्यक उपायों की संस्तुति की जाएगी।
मूल संरचना के संरक्षण पर जोर
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने कहा है कि मंदिर की प्राचीन संरचना, धार्मिक गरिमा और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण उसकी प्राथमिकता है। शिखर की मरम्मत एवं संरक्षण से जुड़ी कार्रवाई विशेषज्ञों के तकनीकी परामर्श और वैज्ञानिक पद्धति के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है, ताकि मूल संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्य संपन्न कराया जा सके।
हर-हर महादेव!
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी।
काशी विश्वनाथ मंदिर के शिखर से सोना गायब होने की खबर भ्रामक, न्यास ने दी सफाई
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने शिखर से सोना गायब होने की खबरों को निराधार बताया। क्षतिग्रस्त शिखर मंदिर के लॉकर में सुरक्षित है। नवंबर में IIT मद्रास की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी।
kashi-vishwanath-temple-shikhar-gold-news-clarification`
काशी विश्वनाथ मंदिर, शिखर से सोना गायब, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, IIT मद्रास, वाराणसी समाचार, Kashi Vishwanath Temple News