MENU

वाराणसी में शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा ने चुनावी जीत के लिए बनाई रणनीति



 14/Oct/26

14 अक्टूबर को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में होगा महासम्मेलन, भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठक; शिक्षक, स्नातक, अधिवक्ता, डॉक्टर और प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 14 अक्टूबर को वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की सफलता और आगामी शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों के साथ शिक्षक और स्नातक मतदाता भी शामिल हुए। बैठक में सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने कसी कमर

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 से पहले होने वाले शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में जीत हासिल करना आवश्यक है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ जुटना होगा।

अशोक चौरसिया ने बताया कि 14 अक्टूबर, बुधवार को अपराह्न तीन बजे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होकर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क करने और अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

शिक्षक, अधिवक्ता और प्रबुद्ध वर्ग से संपर्क बढ़ाने के निर्देश

भाजपा क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि महासम्मेलन में शिक्षकों, स्नातकों, अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, छात्रों और समाज के प्रबुद्ध वर्ग की अधिक से अधिक भागीदारी होनी चाहिए। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर लोगों से संपर्क करना होगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में अब 10 दिन से भी कम समय बचा है। ऐसे में चुनावी तैयारियों को गति देना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को विद्यालयों में संपर्क करने के साथ ही मतदाताओं के घर-घर जाकर संवाद करना चाहिए, ताकि उनसे सीधे जुड़कर उनकी बातों और समस्याओं को समझा जा सके।

वोटर लिस्ट के अध्ययन पर दिया जोर

अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची का अध्ययन कर चुनावी अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से निरंतर संपर्क और संवाद के माध्यम से संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा सकता है। चुनाव के लिए कम समय शेष रहने के कारण सभी को समन्वय के साथ काम करना होगा।

बैठक में शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन की तैयारियों, मतदाताओं तक पहुंच बनाने और चुनावी अभियान को गति देने पर चर्चा हुई। भाजपा ने सम्मेलन के माध्यम से शिक्षक, स्नातक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में अनूप जायसवाल, प्रधानाचार्य संघ के अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र राय, शिक्षक प्रकोष्ठ के कमलेश सिंह, संतोष श्रीवास्तव, प्रबुद्ध वर्ग के दीपक राय, अखिलेश पाठक, विधि प्रकोष्ठ के सुरेश बहादुर सिंह, संजीव चौरसिया, छात्र संघ अध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु, सत्येंद्र सिंह, खुशबू सिंह, अंकिता तिवारी, रजत जायसवाल और क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन भाजपा क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया, जबकि रंजीत रावत ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8330


सबरंग