स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए बूथ मजबूत करने पर जोर, आशुतोष सिन्हा ने कहा- जनता के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएं कार्यकर्ता
स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सपा के एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने रविवार को सैयदराजा में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथों को मजबूत करने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर चर्चा हुई।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि एमएलसी चुनाव की तैयारियां वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत का आधार बनेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी मजबूती के साथ जुटने और प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार पर लोकतंत्र का दमन करने और तानाशाही थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया।
एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव पढ़े-लिखे लोगों और युवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाने और मतदाताओं से संवाद स्थापित करने की अपील की।
सिन्हा ने कहा कि एमएलसी चुनाव परिवर्तन की शुरुआत है। इस परिवर्तन को अंजाम तक पहुंचाने के लिए विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
रिपोर्ट: हरिशंकर तिवारी
आशुतोष सिन्हा एमएलसी चुनाव, सैयदराजा सपा बैठक, मनोज सिंह डब्लू, चंदौली समाजवादी पार्टी, स्नातक एमएलसी चुनाव 2026, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027, सपा चुनावी तैयारी।