MENU

बीएचयू की निर्माणाधीन परियोजनाओं का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश



 12/Oct/26

192 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल और 1200 सीटों वाले बालिका छात्रावास के निर्माण में तेजी लाने पर जोर, श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

 जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में बन रहे 192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (सीसीएच), 1200 सीटों वाले बालिका छात्रावास और 628 सीटों वाले अय्यर छात्रावास की भौतिक प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए शिफ्टवार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और युद्धस्तर पर काम कराया जाए। उन्होंने निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया।

बीएचयू में 57.66 करोड़ रुपये से बन रहा अय्यर छात्रावास

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रावास की सुविधा बढ़ाने के लिए 57.66 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण और नवीनीकरण का कार्य कराया जा रहा है। परियोजना के तहत 284 दो-सीटर कमरों का निर्माण और मौजूदा छात्रावास के 62 कमरों का नवीनीकरण किया जाना है। काम पूरा होने के बाद छात्रावास की क्षमता 272 से बढ़कर 628 विद्यार्थियों की हो जाएगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

सीपीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बताया कि पेड़ों के प्रत्यारोपण, सोलर पैनलों को स्थानांतरित करने और वार्डन के आवास को दूसरी जगह शिफ्ट करने के कारण शुरुआत में निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। अब नए छात्रावास ब्लॉक को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, मौजूदा ब्लॉक के 62 कमरों का नवीनीकरण हैंडओवर मिलने के दो महीने के भीतर पूरा किया जाना है।

बालिका छात्रावास का निर्माण 76 प्रतिशत पूरा

बीएचयू में 1200 सीटों वाले बालिका छात्रावास की भौतिक प्रगति वर्तमान में 76 प्रतिशत है। अधिकारियों के अनुसार, ठेकेदार के खराब प्रदर्शन के कारण सीपीडब्ल्यूडी ने पहले कार्य अनुबंध निरस्त कर दिया था। शेष कार्य के लिए 29 सितंबर 2026 को टेंडर प्राप्त हो चुके हैं। 17 अक्टूबर 2026 तक जमीनी स्तर पर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एक हॉस्टल ब्लॉक और एक डाइनिंग ब्लॉक को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके अलावा दो ब्लॉक 31 मार्च 2027 तक और शेष दो ब्लॉक 30 जून 2027 तक पूरे करने का लक्ष्य है।

क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के निर्माण में देरी

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में निर्माणाधीन 192 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल (सीसीएच) की परियोजना में साइट से जुड़ी समस्याओं के कारण विलंब हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना को 31 जनवरी 2027 तक पूरा करने की समयसीमा निर्धारित की गई है। सीपीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बताया कि सेवाओं की टेस्टिंग और कमीशनिंग में लगभग तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय लगेगा।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माण कार्यों में शिफ्टवार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के साथ सुरक्षा मानकों का पालन और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

 

बीएचयू निर्माण कार्य, वाराणसी समाचार, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, बीएचयू बालिका छात्रावास, अय्यर छात्रावास, क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल बीएचयू, सीपीडब्ल्यूडी वाराणसी, बीएचयू निर्माण परियोजना निरीक्षण।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3217


सबरंग