वाराणसी। शहर में स्वच्छता और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को अंधरापुल क्षेत्र में मीट की दुकानों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खुले में मांस बेचने, निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने और दुकानों के आसपास गंदगी मिलने पर आठ दुकानों का चालान किया गया। नगर निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों पर कुल 6,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व संयुक्त नगर आयुक्त एवं वरुणापार जोन के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद तथा पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने किया। जांच के दौरान कई मीट की दुकानों पर निर्धारित मानकों के अनुसार पर्दे नहीं लगे मिले। इसके कारण बाहर से ही मांस दिखाई दे रहा था। दुकानों के आसपास गंदगी भी पाई गई।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि खुले में मांस बेचना और निर्धारित मानकों के अनुसार पर्दे नहीं लगाना नियमों का उल्लंघन है। इसी के तहत अंधरापुल क्षेत्र की आठ दुकानों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और दुकानदारों से निर्धारित नियमों का पालन कराने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य मीट की दुकानों पर स्वच्छता और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।