वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक-स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आयुक्त सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त स्नातक निर्वाचन के प्रेक्षक जी.एस. प्रियदर्शी और शिक्षक निर्वाचन के प्रेक्षक प्रांजल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्वाचन तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
आयुक्त/रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने निर्वाचन तैयारियों का पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया। प्रेक्षकों ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन प्रशिक्षण की निगरानी करने तथा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट और माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रेक्षकों ने कहा कि मतदान और मतगणना में लगाए जाने वाले सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय पर पूरा कराया जाए। निर्वाचन के लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मतदान केंद्र, स्ट्रॉंग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों के गठन, परिवहन व्यवस्था और रूट चार्ट सहित विभिन्न निर्वाचन व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी के रेंडमाइजेशन तथा पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन में नियुक्त सभी कार्मिकों को ड्यूटी आदेश की तामीला सुनिश्चित कराने को भी कहा गया।
सीडीओ/प्रशिक्षण नोडल अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने रेंडमाइजेशन और प्रशिक्षण के निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी प्रेक्षकों को दी। उन्होंने कहा कि मतगणना परिसर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ आवश्यक बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान केंद्रवार कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने तथा सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वर्चुअली जुड़े सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से उनके जिलों की निर्वाचन तैयारियों की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आलोक कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया और चंदौली के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी भी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए।