संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के सभागार में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से उनकी कर्मभूमि काशी तक आयोजित ‘वडनगर-काशी मोटरसाइकिल यात्रा’ के सफल एवं सकुशल समापन पर यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस, निष्ठा और संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक का मार्ग चुनौतीपूर्ण था और सुरक्षा को लेकर प्रारंभिक चिंताएं भी थीं, लेकिन कार्यकर्ताओं के संकल्प और उत्साह के सामने सभी बाधाएं आसान हो गईं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात को नया स्वरूप देने के साथ ही बीते 12 वर्षों में अपने विजन और दूरदर्शिता से देश के विकास को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर आकर्षण और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। विश्व समुदाय भारत के आर्थिक विकास के साथ उसकी समृद्ध संस्कृति और जीवन मूल्यों से भी प्रेरणा ले रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की साख मजबूत करने, गरीबों के उत्थान, महापुरुषों के गौरव की पुनर्स्थापना और सीमा पर तैनात सैनिकों के सम्मान को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
समारोह के दौरान पंकज चौधरी ने यात्रा का नेतृत्व करने वाले 10 प्रमुख रूट इंचार्जों को मंच पर आमंत्रित कर ‘फटका’ (अंगवस्त्र) और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में ध्रुविन भाई पटेल, नितिन सिंह बर्ड, श्रेयष भाई पटेल, कुलदीप बारोट, केतु पटेल, जयदेव सिंह सोलंकी, हर्पाल सिंह सिसौदिया, प्रतापभाल पिंडारिया, हिमांशु गोरानिया और कल्पेश अहीर शामिल रहे।
पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर पहुंचे सभी यात्रियों का पुनः स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नाते उत्तर प्रदेश की सीमा में यात्रा के दौरान यदि किसी कार्यकर्ता को किसी प्रकार की असुविधा हुई हो तो उसके लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने समारोह में पहुंचे गणमान्य अतिथियों, यात्रा में शामिल अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का सभागार भारत माता के जयकारों और कार्यकर्ताओं के उत्साहपूर्ण नारों से गूंजता रहा। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी सुना।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, हंसराज विश्वकर्मा, दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी धर्मेंद्र राय, अनिल श्रीवास्तव, महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, सह संयोजक विकास बागी, पूजा दीक्षित, अजय गुप्ता, अमित खरे, अशोक जाटव, अखिलेन्द्र सिंह ‘सन्नी’, पंकज चतुर्वेदी, रजत जायसवाल, सुमित मिश्रा, सुनील यादव, सत्येंद्र सिंह और जगन्नाथ ओझा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।