वाराणसी, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के बाद वडनगर से वाराणसी पहुंचे 500 बाइक सेवा यात्रियों ने बुधवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। मैदागिन से काशी विश्वनाथ धाम तक निकली भव्य कलश यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। यात्रियों ने वडनगर से विशेष रूप से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुनने के बाद वडनगर से आए 500 बाइक सेवा यात्री बसों से मैदागिन चौराहे पहुंचे। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभी यात्रियों को काशी विश्वनाथ धाम के लिए पैदल रवाना किया। इसके साथ ही भव्य कलश यात्रा शुरू हुई।
यात्रा में सबसे आगे ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे, डमरूदल और शंखनाद करते हुए बटुक चल रहे थे। उनके पीछे पीली साड़ी पहने महिलाएं वडनगर से लाए गए जल से भरे 11 कलश और गंगाजल से भरे 11 कलश लेकर चल रही थीं। इसके बाद 500 बाइक सेवा यात्री ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष करते हुए काशी विश्वनाथ धाम की ओर बढ़े। धार्मिक उत्साह और काशी के पारंपरिक वातावरण के बीच निकली इस यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर चार पर पहुंचने पर बाइक सेवा यात्रियों का वैदिक मंत्रोच्चार, डमरूदल और शंखनाद के बीच भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान यात्रियों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। स्वागत के दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
इसके बाद सभी बाइक सेवा यात्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वडनगर से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के दौरान यात्रियों ने बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर देश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के साथ बाइक सेवा यात्रियों ने काशी विश्वनाथ धाम के भव्य गलियारे का भी अवलोकन किया। धाम की भव्यता, दिव्य वातावरण और काशी की आध्यात्मिक आभा देखकर वडनगर से आए यात्री काफी प्रसन्न और अभिभूत नजर आए। यात्रियों ने काशी विश्वनाथ धाम के विकास और भव्य स्वरूप की सराहना भी की।
बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के बाद शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सभी बाइक सेवा यात्रियों को अंगवस्त्र, रुद्राक्ष की माला और प्रसाद भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान यात्रियों के बीच विशेष उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, क्षेत्र सह-मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर सहित मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
वडनगर से काशी तक पहुंचे इन 500 बाइक सेवा यात्रियों की यह यात्रा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक जुड़ाव और बाबा विश्वनाथ के प्रति श्रद्धा का विशेष अवसर बनी। वडनगर से लाए गए जल से बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के साथ यात्रा का धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण हुआ।