MENU

वडनगर से काशी पहुंचे 500 ‘सेवा यात्रियों’ का भव्य स्वागत, पंकज चौधरी बोले- पीएम मोदी का जीवन देशसेवा की प्रेरणा



 07/Oct/26

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हुआ अभिनंदन समारोह, वर्चुअल संबोधन में पीएम मोदी ने सेवा यात्रियों और लोगों को देशसेवा के लिए किया प्रेरित

वाराणसी, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से काशी पहुंचे करीब 500 ‘सेवा यात्रियों’ का बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का तिलक लगाकर, पटका पहनाकर और पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। डमरू दल की प्रस्तुति और शंखनाद से परिसर का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

वडनगर से काशी तक की यात्रा में शामिल सभी सेवा यात्रियों को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) का गिफ्ट बैग भी प्रदान किया गया।

पंकज चौधरी बोले- यात्रा ने दिया सांस्कृतिक एकता का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के राजनीतिक जीवन के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में कई विकास कार्य हुए।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक की सेवा यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का अभियान नहीं है, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाली यात्रा है। उनके अनुसार, इस यात्रा ने देश की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता को भी रेखांकित किया।

वर्चुअल माध्यम से पीएम मोदी ने किया संबोधित

कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से सेवा यात्रियों और समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सेवा यात्रियों और उपस्थित लोगों को देशसेवा के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं और यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।

प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद स्थानीय समारोह में पंकज चौधरी ने सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया। यात्रियों ने वडनगर से काशी तक के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने को विशेष अनुभव बताया और स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, एमएलसी अश्विनी त्यागी, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक तिवारी, विधायक नीलकंठ तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, जगदीश त्रिपाठी, राकेश शर्मा, शैलेंद्र मौर्या, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, शैलेंद्र मिश्रा, सुनीता सिंह, पूजा दीक्षित, पूजा पाण्डेय, रानिका जायसवाल और नेहा कक्कड़ समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भारत माता के जयकारों और सेवा यात्रियों के स्वागत के साथ समारोह का समापन हुआ।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4026


सबरंग