भदोही। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही में आयोजित 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में विभिन्न कालीन निर्माताओं और निर्यातकों के स्टॉलों का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय हस्तनिर्मित कालीनों की गुणवत्ता, डिजाइन, बुनाई और शिल्पकला की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने ग्लोबल ओवरसीज के स्टॉल का भी भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित हस्तनिर्मित कालीनों को देखा। ग्लोबल ओवरसीज के वरिष्ठ सदस्य एवं गोपीगंज नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन प्रहलाद दास गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें संत रविदास के चित्र वाला विशेष हस्तनिर्मित कालीन और गदा भेंट की गई।
कार्यक्रम में प्रहलाद दास गुप्ता के साथ उनके पुत्र संजय गुप्ता, बृजेश गुप्ता, संतोष गुप्ता और विक्रम जैन भी मौजूद रहे।
संजय गुप्ता ने मुख्यमंत्री से भदोही में निर्मित कारपेट मार्ट को शीघ्र पूरी क्षमता के साथ संचालित कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का उद्घाटन भदोही के कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कारपेट मार्ट की वास्तविक उपयोगिता तभी सामने आएगी, जब इसे नोएडा मार्ट की तर्ज पर नियमित रूप से संचालित किया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से भदोही के कारपेट मार्ट को देश-विदेश के खरीदारों के लिए स्थायी और सक्रिय व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने का आग्रह किया। इससे क्षेत्र के बुनकरों, कारीगरों, निर्माताओं और निर्यातकों को व्यापार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
50वां इंडिया कारपेट एक्सपो भदोही के कालीन उद्योग की समृद्ध विरासत, हस्तशिल्प और वैश्विक व्यापार क्षमता को प्रदर्शित करने का अवसर बना है।