वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की 7 अक्टूबर को रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली जनसभा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से वाराणसी पहुंच रही सेवा संकल्प बाइक यात्रा के स्वागत को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला, महानगर और मंडल स्तर की बैठकों के बाद अब सभा स्थल के आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन के स्वागत के लिए क्षेत्र में छोटी-बड़ी सैकड़ों होर्डिंग लगाई जा रही हैं। इनमें स्वागत संदेश के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया है।
जगतपुर इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को वरिष्ठ पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जनसभा स्थल पर सीटिंग, सुरक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर मंथन किया गया। सभा स्थल को अलग-अलग ब्लॉक में बांटकर बैठने की व्यवस्था की जा रही है। वडनगर से आने वाले सेवा संकल्प बाइक यात्रियों के लिए भी विशेष स्थान निर्धारित किया गया है।
महिलाओं, प्रबुद्ध वर्ग, मीडिया और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। इन सेक्टरों में प्रशासन के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। सभी ब्लॉकों में पेयजल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भाजपा क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय, अजीत रावत, अनूप जायसवाल, अनिल गुप्ता, विनिता सिंह, संतोष सोलापुरकर, जेपी सिंह, सीए प्रमोद कुमार और इंद्रभूषण मौर्या समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।