वाराणसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास खंड सेवापुरी में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर का शुभारंभ पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर ‘आँगन का उत्सव’ कार्यक्रम के अंतर्गत बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार में विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने सहभागिता की और मातृशक्ति एवं नन्हे-मुन्नों को शुभकामनाएं दीं।
शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, पशुपालन, खाद्य एवं रसद, सहकारिता तथा विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। विधायक ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
शिविर में पहुंचे जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को विधायक ने स्वयं संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित सहायता एवं समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों की दी जानकारी
उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. अवधेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा सड़क, बिजली, पानी, इंफ्रास्ट्रक्चर तथा जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को मिल रहे लाभ के बारे में भी बताया।
लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान किसानों को चना बीज वितरित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीसी सखी एवं बैंक सखी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।