चंदौली। जिला मुख्यालय पर स्वच्छता अभियान के बीच कस्तूरबा विद्यालय की बदहाल व्यवस्था सामने आई है। विद्यालय का गंदा सीवर पानी जूनियर हाईस्कूल जाने वाले रास्ते पर बह रहा है। इससे विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को गंदे पानी और दुर्गंध के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
यह समस्या बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय के ठीक पास बनी हुई है। BSA कार्यालय भी विद्यालय परिसर में स्थित है। रास्ते पर गंदा पानी जमा होने के साथ आसपास गंदगी का अंबार लगा है। इससे विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान सामने आई इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। गंदे सीवर पानी के रास्ते पर बहने से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है। लोगों ने इससे संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी जताई है।
मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच कराने और समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने रास्ते से गंदे पानी की निकासी कराकर नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है।