वाराणसी। सुपर स्पेशियलिटी स्पाइन चिकित्सा और उच्च चिकित्सीय शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी में 3 और 4 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय एकेडेमिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। वाराणसी ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश में पहली बार 7 लाइव स्पाइन सर्जरी के साथ 26 मरीजों की निःशुल्क स्पाइन सर्जरी की जाएगी।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ स्पाइन सर्जन प्रो. डॉ. एसके सिंह की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम का संचालन स्पाइन सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल और डॉ. अमन वर्मा करेंगे। उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल से प्रमाणित इस दो दिवसीय शैक्षणिक सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से करीब 33 विशेषज्ञ स्पाइन सर्जन फैकल्टी के रूप में शामिल होंगे।
सम्मेलन में नई दिल्ली, कोलकाता, विशाखापत्तनम, मुंबई, ऋषिकेश, हैदराबाद, गुरुग्राम, प्रयागराज और लखनऊ समेत विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ शामिल होंगे। कार्यक्रम में 7 लाइव स्पाइन सर्जरी, विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल डिस्कशन और केस प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्पाइन सर्जरी की सुरक्षित, सटीक और नवीन तकनीकों पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन का उद्देश्य स्पाइन चिकित्सा के क्षेत्र में नवीन तकनीकों और उपचार पद्धतियों से चिकित्सकों को अवगत कराना है।
एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह ने कहा कि सर्व जांच और सर्व चिकित्सा की उपलब्धता के साथ अस्पताल पिछले 40 वर्षों से चिकित्सीय सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि नवीनतम चिकित्सा सुविधाओं के साथ एपेक्स हॉस्पिटल उत्तर प्रदेश में एडवांस्ड स्पाइन सेंटर के रूप में विकसित हुआ है।
उन्होंने बताया कि उच्च चिकित्सीय शिक्षण के क्षेत्र में एपेक्स हॉस्पिटल को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस (NBE) से मान्यता प्राप्त डीएनबी ऑर्थोपेडिक और एफएनबी स्पाइन सर्जरी एवं आर्थ्रोप्लास्टी में फेलोशिप विशेषज्ञता उपलब्ध है। अस्पताल के अनुसार, इन क्षेत्रों में यह उत्तर प्रदेश का एकमात्र चिकित्सीय शिक्षण संस्थान है।
दो दिवसीय सम्मेलन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच स्पाइन सर्जरी की नवीन तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान किया जाएगा।