MENU

वाराणसी में एयर शो को लेकर पुलिस की तैयारी तेज, 30 लाख दर्शकों के लिए बनेगा विस्तृत भीड़ प्रबंधन प्लान



 03/Oct/26

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पड़ाव, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़ और गंगा घाटों का किया निरीक्षण; ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

वाराणसी। 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट समेत प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन स्थल, दर्शक क्षेत्रों, आवागमन मार्गों, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त वाराणसी, जिलाधिकारी वाराणसी, जिलाधिकारी चंदौली सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ चर्चा में एयर शो के दौरान संभावित भीड़, यातायात संचालन, पार्किंग, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना

प्रस्तावित एयर शो में सेना के विभिन्न प्रकार के विमान और एयरक्राफ्ट करीब 90 मिनट तक हवाई करतब प्रस्तुत करेंगे। गंगा नदी के दोनों तटों से कार्यक्रम देखने के लिए करीब 30 लाख दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने संभावित भीड़ वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर विस्तृत क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

प्रमुख घाटों और दर्शक स्थलों पर प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग मार्ग, बैरिकेडिंग, होल्डिंग एरिया और क्यू मैनेजमेंट की व्यवस्था करने को कहा गया। पैदल आवागमन के लिए निर्धारित मार्ग बनाने और भीड़ को एक स्थान पर एकत्रित होने से रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग पर विशेष जोर

भारी भीड़ और वाहनों की संभावित संख्या को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने पहले से ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित कर वहां यातायात पुलिस और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

गंगा के दोनों ओर चिन्हित पार्किंग स्थलों का व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करने और वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा कराने को कहा गया। मुख्य मार्गों, संपर्क मार्गों और आपातकालीन रास्तों पर अनियंत्रित पार्किंग रोकने के साथ पार्किंग स्थलों से दर्शक क्षेत्रों तक पैदल पहुंचने की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

गंगा घाटों पर जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की निगरानी

गंगा के दोनों तटों और घाटों की सुरक्षा के लिए जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। नदी क्षेत्र में सुरक्षा सीमा, बैरिकेडिंग और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा लोगों को असुरक्षित क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।

एयर शो के दौरान CCTV कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ कंट्रोल रूम से प्रमुख स्थलों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा पर जोर

पुलिस आयुक्त ने महिला, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। प्रमुख दर्शक स्थलों पर सहायता डेस्क, संकेतक और सहायता टीमों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता मिल सके।

कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल, सेक्टरवार और जोनवार पुलिस व्यवस्था के साथ QRT एवं रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस आयुक्त ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, मॉक ड्रिल और व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए।

एयर शो से संबंधित ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य जरूरी सूचनाओं का पहले से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि दर्शकों को आयोजन के दौरान आवागमन में परेशानी न हो और कार्यक्रम को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3884


सबरंग