वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता और मानवीय प्रयास से महिला यात्री का गुम हुआ कीमती पर्स सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। बरेका क्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान आरपीएफ कर्मियों को सड़क पर लावारिस अवस्था में पर्स मिला था। उसमें नकदी और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का अन्य सामान मौजूद था।
03 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट प्रशासन/बरेका के क्षेत्राधिकार में उप निरीक्षक लवकुश प्रसाद और कांस्टेबल अजय कुमार विश्वकर्मा नियमित गश्त पर थे। सुबह करीब 7:20 बजे नाथूपुर पोटा केबिन के सामने सड़क पर उन्हें एक लेडीज हैंड पर्स लावारिस अवस्था में पड़ा मिला।
आरपीएफ कर्मियों ने पर्स को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसमें उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क किया। बातचीत में महिला ने बताया कि उसका पर्स उक्त स्थान पर गिर गया था। इसके बाद महिला के बरेका/कैंट क्षेत्र में पहुंचने पर उसकी पहचान और पर्स में रखे सामान का सत्यापन किया गया।
सत्यापन के दौरान पर्स में 1,390 रुपये नकद, करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन, चांदी की पायल, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान मिला। बरामद सामान की अनुमानित कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई।
सामान का मिलान और महिला की पहचान सुनिश्चित होने के बाद सुरक्षा स्टाफ नागेंद्र चौबे की मौजूदगी में नियमानुसार सुपुर्दगी नामा तैयार किया गया। इसके बाद महिला को उसका पूरा सामान सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारियों के प्रति आभार जताया और उनके संवेदनशील एवं मानवीय कार्य की सराहना की। जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत के अवसर पर सामान वापस मिलने से महिला ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी सहायता, संवेदनशीलता और मानवीय सेवा को भी प्राथमिकता दी जाती है।