MENU

गांधी जयंती पर 11वीं एनडीआरएफ ने चलाया वृहद स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान, वाराणसी समेत पांच शहरों में कार्यक्रम



 03/Oct/26

साहूपुरी से मानस उद्यान तक एनडीआरएफ जवानों ने दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, लोगों को प्लास्टिक कम करने और पौधे लगाने के लिए किया जागरूक

वाराणसी। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। “स्वच्छता ही सेवा” और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया।

कार्यवाहक कमांडेंट संतोष कुमार के दिशा-निर्देशन में वाराणसी, चंदौली, लखनऊ, गोरखपुर और भोपाल में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन अभियानों में स्थानीय प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, होमगार्ड, रेलवे, सीआरपीएफ, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।

चंदौली के साहूपुरी में चला विशेष अभियान

चंदौली के साहूपुरी क्षेत्र में एनडीआरएफ कर्मियों ने विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान क्षेत्र की साफ-सफाई के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं वाराणसी के मानस उद्यान, पहाड़िया में भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक

अभियान के दौरान एनडीआरएफ कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया। लोगों को पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता के बारे में भी बताया गया।

11वीं एनडीआरएफ की ओर से महात्मा गांधी के स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। साथ ही समाज में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8324


सबरंग