MENU

76 दिवसीय वार्ड प्रवास के समापन पर भावुक हुए शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, 101 से अधिक पौधों का किया वृक्षारोपण



 02/Oct/26

वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा 19 जुलाई से चलाया जा रहा 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं विशेष जनसंपर्क-जन शिकायत निवारण महाअभियान शुक्रवार को पियरी वार्ड में भ्रमण एवं निरीक्षण के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी लगातार वार्डों में पहुंचकर जनता से सीधे संवाद करते रहे और स्थानीय लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं को सुनकर उनके तत्काल समाधान का प्रयास करते रहे।

अभियान के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने निर्धारित समय पर विभिन्न वार्डों में पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जनता की समस्याओं को मौके पर सुनने और संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से उनके निस्तारण की पहल की गई। अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे विधायक के सामने रखने और उनके समाधान की पहल की सराहना की।

76वें दिन शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पियरी वार्ड में भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत राजबंधु राजनारायण पार्क में 101 से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

समापन समारोह में कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी भावुक हो गए। उन्होंने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर दक्षिणी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने प्रतिदिन निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सीधे जनता से जुड़कर इस महाअभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की लगातार सक्रियता और जनता के बीच उनकी मौजूदगी से यह पता चलता है कि शहर दक्षिणी का कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के लिए कितना समर्पित है। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का हृदय से अभिनंदन करते हुए उन्हें नमन किया।

इस दौरान कार्यक्रम में सूचना एवं तकनीकी विभाग के संयोजक पंकज चतुर्वेदी, राजीव सिंह डब्बू, बृजेश पटेल, तारकेश्वर गुप्ता बंटी, श्रवण गुप्ता, संदीप चौरसिया, सुनील यादव, जया केसरी, अच्छेबर सिंह, अंकुर मल्होत्रा, गोपाल जोशी गुप्ता, मनोज यादव, रोशन गुजराती, नितेश जायसवाल सागर, अमरेश गुप्ता, कनकलता मिश्रा, नलिन नयन मिश्र, मनोज गुप्ता, तारकेश्वर गुप्ता बंटी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6917


सबरंग