MENU

गांधी जयंती पर डीसीपी वरुणा जोन राजेश पाण्डेय ने दी श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ



 02/Oct/26

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का दिया संदेश

वाराणसी। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस उपायुक्त ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपने आचरण और कार्यशैली में अपनाकर समाज और देश की सेवा की जा सकती है।

पुलिसकर्मियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यस्थल और आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने, स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा आमजन को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

डीसीपी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। पुलिसकर्मियों को अपने पुलिसिंग दायित्वों के साथ स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के प्रति भी सजग रहना चाहिए, ताकि समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया जा सके।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों को अपने कार्य और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3020


सबरंग